मथुरा। कम नामांकन वाले राजकीय प्राथमिक विद्यालय को नजदीक के स्कूल में विलय किया गया है। विलय हुए 74 विद्यालयों में आंगनबाड़ी केंद्रों को संचालित करने के लिए मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना की अध्यक्षता शिक्षा विभाग तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी केपी शुक्ला ने बताया कि 74 विद्यालयों में से 40 विद्यालयों पर आंगनबाड़ी केंद्र को शिफ्ट किए जाने की आवश्यकता है, जबकि शेष 34 विद्यालयों में भवन जर्जर होने या वहां पर पहले से केंद्र संचालन होने के कारण शिफ्टिंग की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि इन सभी विद्यालयों की सूची संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को सर्वेक्षण के लिए पूर्व में ही उपलब्ध करा दी गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा ने बताया कि सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी और संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों के द्वारा संयुक्त सर्वेक्षण करते हुए संयुक्त रिपोर्ट मांगी गई है।संवाद