मथुरा। शहीद सिपाही जितेंद्र के पिता तीर्थराज।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे का एसटीएफ द्वारा एनकाउंटर किए जाने की सूचना मिलते ही शहीद पुलिसकर्मी जितेंद्र पाल के पिता के चेहरे पर संतुष्टि के भाव दिखे। उन्होंने पत्रकारों से यूपी पुलिस की न केवल तारीफ की बल्कि मुख्यमंत्री की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस को धन्यवाद देना चाहते हैं कि उन्होंने विकास दुबे जैसे बदमाश का एनकाउंटर किया है। उन्हें यूपी पुलिस पर गर्व है। विकास दुबे के एनकाउंटर से शहीद पुलिसकर्मियों की आत्मा को शांति मिली है और उनकी शहादत काम आई। उन्होंने कहा कि अभी ऐसे लोगों को खोज कर लाने की जरूरत है जिन्होंने पुलिस के साथ गद्दारी की है।
शहीद के पिता ने कहा कि यूपी पुलिस देश की सबसे तेजतर्रार पुलिस है। सपा नेता अखिलेश यादव द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के बारे में पूछा तो उन्होंने केवल इतना ही कहा कि लोगों ने सीता माता पर भी उंगली उठाई थी। शहीद की मां रानी देवी ने कहा कि विकास दुबे ने सबको मारा था अब वह मारा गया हम यही चाहते थे। उसका यही हश्र होना था।