सौंख। मगोर्रा थाना क्षेत्र में मथुरा-भरतपुर मार्ग पर मंगलवार रात एक शादी समारोह से लौट रहे चाचा-भतीजे को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे ने जयपुर जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। परिवार में एक साथ दो लोगों की मौत के बाद कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना मथुरा-भरतपुर मार्ग स्थित गांव महकेरा के पास मंगलवार देर रात की है। 9:30 बजे बाइक सवार दो लोगों को सामने से तेज गति में आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में भतीजे धारा सिंह (26) की मौके पर मौत हो गई। जबकि चाचा अनूप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घायल अनूप सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां अनूप सिंह की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर के लिए रेफर कर दिया है। परिजन ने बताया कि करीब 12 बजे रास्ते में अनूप सिंह ने भी दम तोड़ दिया। दोनों युवकों की घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
परिजन ने बताया कि भरतपुर (राजस्थान) के कस्बा रूपवास की खटीक गली निवासी धारा सिंह मंगलवार सुबह करीब 10 अपने चाचा अनूप सिंह के साथ मथुरा में रिश्तेदार की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए आए थे। रात में लौटते समय हादसे में दोनों की मौत हो गई। धारा सिंह की शादी साल 2024 में खुशबू के साथ हुई थी। उनका 10 माह का बेटा कान्हा है। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।