मथुरा। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मछली फाटक फ्लाईओवर के पास किसी वाहन की टक्कर से वृद्धा की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे ढाबा स्वामी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि कोतवाली की बाग बहादुर चौकी क्षेत्र स्थित नया नगला निवासी राजकुमारी (65) धौली प्याऊ स्थित ढाबे पर काम करती थीं। बृहस्पतिवार की रात को वह ढाबा स्वामी धर्मेश के साथ बाइक से घर जा रही थीं। ढाबा स्वामी ने मछली फाटक फ्लाईओवर से डैंपियर नगर की ओर बाइक मोड़ी, तभी किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में राजकुमारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि ढाबा स्वामी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज घायल को जिला अस्पताल भेजा। सूचना पर ढाबा स्वामी के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगरा ले गए। सीओ सिटी ने बताया कि अभी तक परिजन ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।