मथुरा। आगरा के एत्मादपुर इलाके में तीन साल की मासूम बच्ची को पालन-पोषण कर रही बुआ ने हंटर से पीट दिया। बच्ची रोती-बिलखती सड़क पर पहुंची तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों की सूूचना पर पहुंची पुलिस ने बुआ व दादी को हिरासत में ले लिया। बाद में बच्ची को नहीं पीटने की हिदायत देकर और माफीनामा लिखवाकर छोड़ दिया।
घटना हाईवे थाना क्षेत्र के एक इलाके की है। सोमवार की शाम को तीन साल की बच्ची रोती बिलखती हुई सड़क पर बचाने की गुहार लगाने लगी। इस पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बुआ ने भीड़ के सामने भी बच्ची को पीट दिया। इस पर लोगों ने पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। पुलिस दादी और बुआ को थाने लेकर आई। बच्ची को अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। बच्ची ने पुलिस को बताया कि मम्मी नहीं है, बुआ ही मेरी मम्मी है मगर रोजाना पिटाई करती है। पुलिस ने बताया कि महिला के कोई बच्चे नहीं हैं, वह भाभी की मौत के बाद भाई से बच्ची को लालन पालन करने के लिए लेकर आई है। हाईवे थाना प्रभारी ने बताया कि महिला को भविष्य में इस तरह की घटना नहीं करने के आश्वासन पर छोड़ा गया है। भविष्य में कोई घटना सामने आएगी तो कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो