बारिश से खेतों में कटी पड़ी धान की फसल में भरा पानी।
महावन। तहसील क्षेत्र में मंगलवार सुबह अचानक बदले मौसम ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। करीब सात बजे से शुरू हुई बारिश ने कुछ ही घंटों में खेतों को तालाब में बदल दिया। इससे धान और बाजरा की कटी हुई फसलें पूरी तरह पानी में डूब गईं, वहीं खड़ी फसलें तेज हवाओं के कारण गिर गईं।
बारिश से खेतों में जलभराव हो गया है, जिससे फसल सड़ने का खतरा मंडरा रहा है। किसानों का कहना है कि अगर जल्द पानी नहीं निकला तो पूरी मेहनत पर पानी फिर जाएगा। कटी फसलों के भीगने से सड़न शुरू हो चुकी है, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है।
असमय बारिश का असर खरीफ की फसलों पर ही नहीं बल्कि आगामी रबी सीजन पर भी पड़ेगा। किसान अब सरसों और गेहूं की बोबाई की तैयारी में हैं, लेकिन जलभराव और गीली जमीन के चलते उन्हें बोबाई टलनी पड़ सकती है। किसान प्रशासन की ओर राहत की उम्मीद में टकटकी लगाए बैठे हैं। संवाद