जूनियर नॉर्थ जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता अमित कुमार।
मथुरा। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 36वीं जूनियर नॉर्थ जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मथुरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता 23 से 25 सितंबर तक आयोजित की जा रही है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर समेत आठ राज्यों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जय सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन मथुरा के अमित कुमार ने बालक अंडर-18 वर्ग की 400 मीटर दौड़ में 48.56 सेकेंड की टाइमिंग के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इससे पहले भाला फेंक में भी मथुरा को स्वर्ण पदक मिल चुका है।
प्रतियोगिता में मथुरा से तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ था
रजत कुमार (जैवलिन थ्रो), अमित कुमार (400 मीटर दौड़ एवं बाधा दौड़) और सोनिया उपाध्याय (3000 व 5000 मीटर दौड़) का चयन हुआ था। जय सिंह ने बताया कि स्वर्ण पदक विजेता अमित कुमार और रजत कुमार को सम्मानित किया जाएगा। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार बाजपेई, उपाध्यक्ष संजय पाठक व विजय सिंह वर्मा ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है।