मथुरा। त्योहारों से पहले मौसम में हो रहे बदलाव और वायु प्रदूषण के स्तर में वृद्धि के कारण लोगों में एलर्जी की समस्या तेजी से बढ़ रही है। इसके साथ ही घरों में साफ सफाई और रंग रोगन के कारण भी लोग एलर्जी का शिकार हो रहे हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से खांसी, जुकाम, गले में खराश, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी के 50 से अधिक मरीज रोजाना जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानी शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एलर्जी से संबंधित मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। मौसम के उतार-चढ़ाव, हवा में नमी की कमी, धूल के कणों तथा बढ़ते प्रदूषण के साथ घरों पर चल रही साफ सफाई एवं रंग रोगन की वजह से एलर्जी और सांस संबंधी रोगों के मामले बढ़ रहे हैं। खासकर बच्चे और बुजुर्गों को सबसे अधिक समस्या हो रही है।
श्वास संबंधी बीमारी से पीड़ित मरीजों के लिए यह समय नुकसानदायक है। ऐसे मरीजों को बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग जरूर करना चाहिए। प्रदूषण और धूल से बचाव करें तथा शरीर को हाइड्रेटेड रखें, गुनगुना पानी पिएं। इसके साथ ही त्योहारों के दौरान पटाखों के धुएं और रासायनिक पदार्थों से भी दूरी बनाकर रखें। संवाद