नौहझील। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक घर के सामने दबंगों द्वारा फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीड़ित ने परिवार ने छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध किया था, जिसके बाद दबंगों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से भाग गए। मामले में पीड़ित छात्रा की मां ने तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि गांव के ही तीन नामजद युवक बाइक से उनके घर के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने महिला और उनकी बेटी को डराने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से डरी मां-बेटी ने घर में छिप कर अपनी जान बचाई, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक से भाग गए।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि नामजद युवक लंबे समय से उनकी बेटी पर बुरी नजर रखे हुए थे। उनकी बेटी का पीछा करते थे। फब्तियां कसते थे। जब परिवार ने इस हरकत का विरोध किया तो दबंगों ने फायरिंग कर दी। घटना के बाद पीड़िता की मां ने थाने पहुंचकर तीनों नामजदों के खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ अमरनाथ यादव ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।