मथुरा। पुलिस परीक्षा में मेडिकल के अभ्यर्थियों से वसूली के आरोपी चिकित्सक दंपती और उनके दोनों साथियों को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी को जेल भेज दिया।
मंगलवार को एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर टीम ने जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. हरिनारायण प्रभाकर, डॉ. शिवानी प्रभाकर, फार्मासिस्ट मथुरेश, चालक जयपाल को अभ्यर्थियों को मेडिकल में पास कराने के लिए वसूली करते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। पुलिस ने बुधवार को चिकित्सक दंपती समेत चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। यहां चिकित्सकों के अधिवक्ताओं ने उन्हें अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोर्ट ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए चारों आरोपियों को जेल भेज दिया।