बरसाना। 45वें बरसाना आमंत्रित क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में अलीगढ़ ने मथुरा को एकतरफा मुकाबले में 118 रन से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अलीगढ़ की टीम हावी नजर आई।
टॉस जीतकर मथुरा ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। अलीगढ़ के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। निर्धारित 20 ओवर में अलीगढ़ की टीम ने सभी विकेट खोकर 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अनुभव सिंह ने 27 गेंदों में 55 रन और यशवीर नागर ने 19 गेंदों में 37 रन बनाए। मथुरा के पुष्पेंद्र सिकरवार ने चार ओवर में 49 रन देकर तीन विकेट लिए। 212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मथुरा की टीम अलीगढ़ के गेंदबाजों के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। पूरी टीम 93 रन पर सिमट गई। शोभित चौधरी ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। अलीगढ़ के गौरव और यशवीर ने तीन-तीन विकेट लिए। यशवीर नागर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंपायरिंग कपिल गोस्वामी और कृष्णा महाराज ने की। कमेंट्री लव कुमार द्वारा की गई। मैच के दौरान कलुआ गौड़, रनवीर ठाकुर, संजय परमार, विजेंद्र परमार, चंदन फौजी और मिल्खा सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद