मथुरा में जन्माष्टमी की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। जन्मोत्सव से पहले ही पुलिस अलर्ट हो गई है। अधिकारियों ने बुधवार देर रात तक जन्मभूमि समेत मथुरा-वृंदावन के विभिन्न मठ और मंदिरों की व्यवस्थाएं परखीं। साथ ही जन्मभूमि क्षेत्र में रहने वाले निवासियों का भी सत्यापन शुरू हो गया है।
जन्मभूमि जाने वाले मार्गों पर बैरिकेड लगाए जा रहे हैं। मछली फाटक, डीगगेट, मसानी चौराहा समेत कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। शहर में आने वाले वाहनों की चेकिंग हो रही है। खासतौर से मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों पर पुलिस का मुख्य फोकस है। साथ ही इंटरनेट मीडिया पर भी मॉनीटरिंग बढ़ा दी गई है। स्थानीय थानों, पीसीआर और पीआरवी से लेकर खुफिया विभाग के अधिकारी भी धार्मिक व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा के मद्देनजर सक्रिय हो गए हैं।