अहोई अष्टमी पर श्रीधाम राधाकुंड के रास्ते आस्था के आगे छोटे पड़ गए। संतानोत्पत्ति आस लिए अहोई अष्टमी पर्व के शाही स्नान के लिए राधाकुंड में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंगलवार की आधी रात में होने वाले शाही स्नान के लिए शाम तक ही राधाकुंड के घाट भर गए।
श्रद्धालु महिलाओं ने घाटों पर ही अहोई मां की पूजा कर संतान की दीर्घायु की कामना की। देर रात होते-होते राधाकुंड के सभी घाट मन में आस्था एवं विश्वास की डोर थामे श्रद्धालुओं की भीड़ से अट गए। हर किसी को रात 12 बजने का इंतजार था, जिससे कि वह राधा रानी कुंड में स्नान कर संतान की कामना कर सकें।
श्रद्धालुओं के वाहनों को कस्बे से एक किमी पूर्व ही मेला के लिए बनाई गई पार्किंगों में रोक दिया गया था। मेला के दौरान रात में एसडीएम गोवर्धन विश्व भूषण मिश्रा, सीओ सदर संजय कुमार, तहसीलदार बृजपाल सिंह यादव, चेयरमैन प्रतिनिधि दाऊजी आदि व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए थे। स्थानीय युवाओं ने कुंड के बीच में राधा-कृष्ण की झांकी सजाई।
पेठा-फल फेंके कुंड में
संतानोत्पत्ति की कामना के लिए राधाकुंड में शाही स्नान को पहुंचे दंपतियों ने कुंड में स्नान के दौरान पेठा-फल छोड़े और दीपदान किया।
दानघाटी मंदिर के सामने से हटवाए अतिक्रमण
एसडीएम विश्वभूषण मिश्रा ने मंगलवार को ऐतिहासिक दानघाटी मंदिर के आगे के रास्ते से अतिक्रमण को जेसीबी से हटवाया। दुकानों के आगे बने पक्के निर्माण को हटवा दिया गया। ईओ टीएन चौबे ने बताया कि आगामी तीन दिन कस्बे में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।