कोसीकलां। पुरानी जीटी रोड पर जर्जर हाल में खड़ी घंटाघर की इमारत को उतारने का काम जल्द शुरू हो जाएगा। इसके लिए नगर पालिका ने तीन दिन की अवधि निर्धारित की है। आगरा की फर्म जर्जर इमारत को गिराने के लिए रात में काम करेगी। जिससे नगर की यातायात व्यवस्था और कामकाज प्रभावित न हो।
नगर पालिका चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने बताया कि घंटाघर की जर्जर इमारत को ध्वस्त करने का काम अगले तीन दिनों में शुरू हो जाएगा। इमारत को दो चरणों में ध्वस्त कराया जाएगा। पहले चरण में इसका ऊपरी भाग ध्वस्त कराया जाएगा। वहीं दूसरे चरण में भरत मिलाप मेले बाद शेष भाग को ध्वस्त कराया जाएगा। संवाद
12 लाख की फ्लड लाइट से जगमग होगा नगर
कोसीकलां। नगर की सड़कें फ्लड लाइट के साथ ही अब तिरंगे की रोशनी से सराबोर नजर आएंगी। नगर पालिका बड़े शहरों की तर्ज पर नगर की प्रमुख सड़कों पर तिरंगा रंग की लाइट लगवाएगी। इस पर करीब 12 लाख रुपये खर्च होंगे। नगर के प्रमुख मार्ग एवं मुख्य चौराहे, डिवाइडरों के मध्य स्थित खंभों पर फ्लड लाइट के साथ ही तिरंगा की रोशनी अपनी छटा बिखेरेगी। भरत मिलाप मेले से पूर्व लाइट लगाने का कार्य पूरा करा लिया जाएगा। यह लाइट स्ट्रीट लाइट के साथ जलेंगी। चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने बताया कि जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। संवाद