डेढ़ माह पूर्व थाना यमुनापार क्षेत्र में हुई गिरीश कुमार की हत्या के मामले में नामजदों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। परिवारीजनों का आरोप था कि पुलिस मामले में लापरवाही बरत रही है। डीएम कार्यालय पर काफी समय तक हंगामे की स्थिति रही।
19 सितंबर को यमुनापार के गांव मावली निवासी गिरीश (17) का रेलवे लाइन किनारे शव मिला था। मामले में परिवारीजनों ने गांव मावली निवासी नरेश, विजय, नागेश और संजय पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसको लेकर गिरीश के परिवारीजन दो सप्ताह अनशन पर रहे थे। अब नामजदों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
मंगलवार अपराह्न तीन बजे दर्जनों लोगों के साथ परिवारीजन डीएम कार्यालय पहुंचे गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
हंगामे की सूचना पर सीओ सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, कोतवाली प्रभारी और एसओ सदर मौके पर पहुंचे और परिवारीजनों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।