थाना हाईवे क्षेत्र के गोवर्धन रोड पर कार्यालय खोलकर संचालित सेंट पीटर्स एंड मदर टेरेसा चिल्ड्रन एजुकेशन एंड वेलफेयर नाम की संस्था के नाम पर ठगे गए लोगों ने शुक्रवार को हाईवे पर जयगुरुदेव मंदिर के पास प्रदर्शन किया।
ठगी के शिकार होने वाले आगरा, मथुरा, हाथरस और अलीगढ़ के लोगों ने कहा कि पुलिस ने नामजद आरोपी को पकड़कर बाद में छोड़ दिया।
एसएसपी आवास पहुंचे पीड़ित आशीष कुमार जलेसर, भूपेंद्र कुमार हाथरस, प्रमोद कुमार, सरदार सिंह, दिनेश कुमार, सत्येंद्र सिंह, चौधरी नरेंद्र सिंह राघव, राजकुमार, प्रेमपाल सिंह, शकील मोहम्मद, सुरेश कुमार, गुंजन अग्रवाल, योगेश शर्मा, अंजू शेरगढ़, देवकी नंदन ने बताया कि सेंट पीटर्स एंड मदर टेरेसा चिल्ड्रन एजुकेशन एवं वेलफेयर संस्था ने होम शिक्षा और सुपरवाइजर की नियुक्तियां निकाल कर लाखों रुपये ठगे और रातोंरात फरार हो गए।
पीड़ितों ने बताया कि इस संस्था ने अलीगढ़, हाथरस में पांच हजार से अधिक और मथुरा, आगरा मेें छह हजार से अधिक लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है। हंगामा कर रहे लोगों का आरोप है कि इस मामले में नामजद चौमुंहा के एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया, लेकिन बाद में छोड़ दिया।
एसपी क्राइम की टीम जुटाएगी साक्ष्य: एसएसपी
एसएसपी डा. राकेश सिंह ने कहा कि मामला गंभीर है। फ्रॉड करने वाली संस्था के खिलाफ साक्ष्य जुटाने और कार्रवाई के लिए एसपी क्राइम राम मोहन को मामला सौंपा गया है। साबित होने पर जो भी दोषी होगा उसकी संपत्ति जब्त की जाएगी।