रिहायशी इलाकों और मुख्य बाजारों में शराब की दुकानों के खिलाफ महिलाएं सड़कों पर उतर आईं हैं। बुधवार को कृष्णानगर चौराहे पर शराब की खुली दुकान के खिलाफ जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पौन घंटे तक जाम लगाए लोगों को पुलिस ने समझाबुझाकर शांत कराया। इधर, प्राचीन कंकाली मंदिर के सामने यमुना भक्तों ने शराब की दुकानों को बंद कराने के लिए कीर्तन करते हुए धरना-प्रदर्शन किया।
कृष्णानगर चौराहे पर खुली नई शराब की दुकान से महिलाओं में आक्रोश पनप गया। उन्होंने भूतेश्वर-गोवर्धन चौराहे पर मार्ग को जाम कर दिया। महिलाएं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शराब की दुकान हटाने की मांग कर रही थीं। करीब पौन घंटे जाम के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस के शराब की दुकान को बंद कराने के आश्वासन पर जाम खुल सका।
इधर, यमुना भक्त ताराचंद गोस्वामी के नेतृत्व में प्राचीन कंकाली शक्तिपीठ मंदिर के सामने लोगों ने कीर्तन करके शराब की दुकानों को हटाने की आवाज बुलंद की। ताराचंद गोस्वामी ने कहा कि यदि यह शराब की दुकानें नहीं हटीं तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर अनु शर्मा, समुद्रा देवी, राजकुमार शर्मा, सुधा शर्मा, ऊषा शर्मा, बीना शर्मा, सुमन देवी, पूनम दीक्षित, रामरती आदि मौजूद रहे।