मथुरा। कचहरी से सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट को छाता ट्रांसफर करने पर मंगलवार को अधिवक्ताओं ने हंगामा किया। इसके बाद कार्य से विरत हो गए। उन्होंने जिला जज से मुलाकात कर अपना विरोध भी जाहिर किया।
हाईकोर्ट के निर्देश पर सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट को छाता ट्रांसफर कर दिया गया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया। अधिवक्ता कोर्ट ट्रांसफर को लेकर नाराज थे। बार अध्यक्ष प्रदीप शर्मा और सचिव शिवकुमार लवानियां ने कार्य बहिष्कार की घोषणा कर दी। अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में नारेबाजी कर हंगामा शुरू कर दिया। कोर्ट बहिष्कार और हंगामे के बाद जिला जज विकास कुमार ने अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल को मुलाकात के लिए बुलाया।
बार एसोसिएशन के सचिव शिव कुमार लवानियां ने बताया कि सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट को छाता स्थानांतरण करने पर अधिवक्ताओं में आक्रोश है। अधिवक्ताओं ने मंगलवार को कार्य बहिष्कार किया। प्रतिनिधिमंडल ने जिला जज से मुलाकात कर कोर्ट को छाता स्थानांतरण न करने का अनुरोध किया। सचिव ने बताया कि जिला जज ने अधिवक्ताओं की इस समस्या के बारे में हाई कोर्ट को अवगत कराने का आश्वासन दिया है।
अधिवक्ताओं से अभद्रता करने वाले बाबू को हटाया
सोमवार को अधिवक्ताओं से अभद्रता करने वाले सीजेएम कोर्ट के बाबू को जिला जज ने मंगलवार को पद से हटा दिया। बार सचिव शिव कुमार लवानियां ने बताया कि बाबू ने लिखित में माफी मांगी है। इसके बाद उसे जिला जज ने छाता न्यायालय स्थानांतरित कर दिया है।