मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद रविवार से श्रद्धालुओं के जगह-जगह लगे डेरे उठने लगे हैं। वहीं कुछ श्रद्धालु ऐसे हैं, जिन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ब्रज में होने वाले अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए मथुरा, गोकुल और बरसाना की ओर रुख कर लिया है।
शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम के साथ मनाई गई। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से दो से तीन दिन पहले ही दूर-दराज से अए श्रद्धालुओं ने शहर के विभिन्न स्थलों पर डेरा जमा लिया था। शहर से 8 किलोमीटर दूर तक श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहा। लल्ला के जन्मोत्सव में शामिल होने का ऐसा उत्साह था कि फुटपाथों पर रात गुजारने तक को वे तैयार हो गए। मथुरा में कान्हा का जन्म होने के बाद अब अधिकांश श्रद्धालु रविवार को अपने घर वापस लौट गए, तो वहीं कुछ अभी भी कान्हा के जन्मोत्सव पर होने वाले अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए ठहरे हुए हैं। अब श्रद्धालुओं का रुख वृंदावन, गोकुल, बरसाना आदि स्थानों की ओर होने लगा है।