मथुरा। प्रस्तावित श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर से प्रभावित होने वाले व्यक्तियों को राया में विकसित हो रही हेरिटेज सिटी में बिना लॉटरी के प्राथमिकता के आधार पर दो बीएचके के फ्लैट दिए जाएंगे। साथ ही रुक्मणि विहार योजना में भी आवास दिए जाएंगे। प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इधर, कॉरिडोर निर्माण के लिए अब तक 391.58 वर्ग मीटर भूमि का अधिग्रहण हो चुका है। करीब 32 लोग अपने-अपने भवन व दुकानों की रजिस्ट्री कराने के लिए कतार में हैं।
अधिकारियों का कहना कि कॉरिडोर निर्माण के बाद न केवल दर्शन सरल होंगे बल्कि समूचे ब्रज क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयां मिलेंगीं। भव्य निर्माण से ब्रज की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पटल पर नई पहचान मिलेगी और ठाकुरजी के भक्तों के लिए दर्शन की राह आसान होगी। कॉरिडोर निर्माण से प्रभावित होने वाले लोगों को उचित मुआवजे दिया जाएगा। रुक्मणि विहार और राया क्षेत्र में विकसित हो रही हेरिटेज सिटी में प्राथमिकता के आधार पर फ्लैट उपलब्ध मुहैया कराए जाएंगे। यहां बुनियादी सुविधाएं दी जाएंगी ताकि लोगों को कोई परेशानी न आए। एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि कॉरिडोर की दिशा में कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने कॉरिडोर की जद में आने वाले दुकान व मकान स्वामियों से प्रशासन का सहयोग करने को कहा है।