फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: सड़क पर उतरे अधिवक्ता, 3 घंटे डीएम कार्यालय घेरा

Wed, 30 Aug 2023 11:57 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा
विज्ञापन
विज्ञापन
मथुरा। हापुड़ में वकीलों पर लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को स्थानीय अधिवक्ता सड़कों पर उतर आए। मथुरा बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ता जूलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए डीएम को ज्ञापन देने पहुंचे, लेकिन कथित तौर पर डीएम द्वारा आधा घंटे तक इंतजार कराने और फिर अचानक कार्यालय से निकल जाने पर वे आक्रोशित हो गए। वकीलों ने डीएम कार्यालय घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर एसपी सिटी को भारी फोर्स तैनात करनी पड़ी। तीन घंटे हंगामा करने बाद बार एसोसिएशन की आपात बैठक हुई, जिसमें सोमवार तक हड़ताल का एलान किया गया।
विज्ञापन


सुबह करीब 10 बजे अधिवक्ता कचहरी में बार कार्यालय पर एकत्रित हुए और बार संघ अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शर्मा की अगुवाई में हापुड़ की घटना के विरोध में जुलूस निकालते हुए डीएम पुलकित खरे के कार्यालय पहुंचे। राजेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि डीएम ने अधिवक्ताओं को आधा घंटे तक इंतजार कराया। इस दौरान वे उनके कार्यालय के आगे ही इंतजार करते रहे। काफी देर बाद पता चला कि डीएम जा चुके हैं। इससे अधिवक्ता आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते 500 से अधिक अधिवक्ता कलेक्ट्रेट परिसर में जुट गए और डीएम के रवैये को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। उनके कार्यालय का घेराव कर लिया।

एहतियात के तौर पर कर्मचारियों ने कार्यालय का दरवाजा बंद कर दिया। सूचना पर सीओ सिटी अभिषेक तिवारी पहुंचे और अधिवक्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। अधिवक्ताओं की बढ़ती तादाद और नारेबाजी से माहौल बिगड़ने की आशंका में एसपी सिटी एमपी सिंह ने कई थानों का फोर्स कलेक्ट्रेट भेजी। करीब दो बजे तक हंगामा होने के बाद बार एसोसिएशन ने आपात बैठक का एलान किया। इसमें तय किया कि डीएम के रवैये के विरोध में सोमवार तक अधिवक्ता हड़ताल पर रहेंगे।
विज्ञापन



जिला मजिस्ट्रेट कोर्ट के बहिष्कार का एलान
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि डीएम ने जिस तरह का रवैयाअपनाया है वह गलत है। अधिवक्ताओं ने तय किया है कि वह डीएम कोर्ट का बहिष्कार करेंगे। शुक्रवार को भी बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। इसके अलावा रजिस्ट्री कार्यालयों में भी हड़ताल रहेगी। मांट, छाता और गोवर्धन, सदर तहसील में भी हड़ताल रहेगी।


अधिवक्ताओं की यह थी मांग
बार एसोसिएशन के सचिव अरविंद सिंह ने बताया कि ज्ञापन में हापुड़ में महिला अधिवक्ता का एक पुलिसकर्मी से विवाद होने पर अधिवक्ता के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने और इस मामले में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण की मांग रखी गई थी। डीएम ने अधिवक्ताओं का ज्ञापन न लेकर उनका अपमान किया है जबकि अधिवक्ता समाज का अभिन्न अंग हैं। इंसाफ की राह में पुलिस-प्रशासन बिना अधिवक्ताओं के सहयोग के आगे नहीं बढ़ सकता।


नहीं हो सका कचहरी में काम
डीएम कार्यालय पर हंगामे की वजह से बुधवार को कचहरी में कोई काम नहीं हो सका। कोई भी अधिवक्ता किसी भी कोर्ट में नहीं गया। अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से दूर रहते हुए विरोध दर्ज कराया। बार एसोसिएशन से उपाध्यक्ष विनोद चौधरी, गोपाल गौतम, ठा. मदन गोपाल, सुनील शर्मा, द्वारिका प्रसाद, सुभाष सिंह, भरत सिंह, उमेश शर्मा, आशीष प्रताप गौतम, प्रदीप गुप्ता आदि विरोध-प्रदर्शन में शामिल रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें