मथुरा। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एडी बेसिक चंद्रशेखर एवं बीएसए रतन कीर्ति ने फरह स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, सफाई और सुविधाओं काे देखा।
एडी बेसिक ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि नए सत्र के दौरान छात्राओं के नामांकन में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं ताकि अधिक से अधिक बेटियां शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकें। छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए बीएसए रतन कीर्ति ने परिसर में शिकायत पेटिका लगवाने के निर्देश दिए, जिससे बालिकाएं बिना किसी भय के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि कोई गंभीर शिकायत प्राप्त होती है, तो उसे तत्काल संज्ञान में लाया जाए। इसके साथ ही छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश दिए गए।