मथुरा। चौबियापाड़ा के वार्डों में गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त रविंद्र कुमार मांदड़ भड़क गए। तत्काल नगर आयुक्त ने स्वच्छता निरीक्षक दीपक कुमार और सफाई सुपरवाइजर सुरेश का जनवरी माह का वेतन काटने के निर्देश दिए। दोनों को प्रतिदिन शहर की पांच गलियों का निरीक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी सुरेंद्र यादव को दिए। इसके अलावा चौबियापाड़ा के नगला पायसा में सड़क निर्माण में गुणवत्ता दरकिनार किए जाने पर ठेकेदार और अवर अभियंता को नोटिस जारी करके गुणवत्ता का ख्याल रखने के निर्देश एक्सईएन को दिए।
नगर आयुक्त बुधवार की सुबह मनोनीत पार्षद मदनमोहन श्रीवास्तव को अपनी बाइक पर बैठाकर सीधे चौबियापाड़ा पहुंचे। छौंकापाड़ा, रतनकुंड, हाथी गली, गुजर हट्टा आदि वार्डों में सफाई नहीं मिली। उन्होंने जमकर अधीनस्थों को फटकार लगाते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। करीब दो घंटे तक बाइक से भ्रमण करते हुए नगर आयुक्त ने सीधा संदेश दिया कि गुणवत्ता और सफाई से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हर हाल में सड़कों की गुणवत्ता पर ध्यान दें और सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त रखें। उन्होंने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं। मौके पर समस्याओं का समाधान किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी, कर्नल योगेंद्र सिंह प्रभारी प्रवर्तन दल, समस्त स्वच्छता निरीक्षक उपस्थित रहे।