मथुरा। राष्ट्रीय राजमार्ग से सटकर बाजना रोड देवीपुरा में 30 हजार वर्ग मीटर में अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनी को शुक्रवार को जेसीबी की मदद से ध्वस्त करा दिया गया। इसे ध्वस्त करने का आदेश सचिव मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा दिया गया था। डिप्टी कलेक्टर राजीव उपाध्याय के नेतृत्व में पहुंची टीम ने यह कार्रवाई की।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सुरेश अग्रवाल द्वारा बिना नक्शा पास कराए अवैध रूप से कॉलोनी काटी जा रही है। टीम को मौके पर भेजा था, जिसमें सत्यता पाई गई थी। नोटिस भेजकर जवाब भी मांगा था लेकिन कोई जवाब नहीं दिया गया। शुक्रवार को डिप्टी कलेक्टर राजीव उपाध्याय के नेतृत्व में कॉलोनी को ध्वस्त करा दिया गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के समय सहायक अभियंता एनएस चौहान, अवर अभियंता सुनील शर्मा, दिनेश गुप्ता, मनीष तिवारी, मनोज अग्रवाल, अशोक चौधरी और थाना हाईवे का पुलिस बल मौजूद रहा। लोगों का कहना है कि मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई कर रहा है। लेकिन प्राधिकरण क्षेत्र में कई जगह अवैध निर्माण हो रहे हैं उन पर भी शीघ्र कार्रवाई होनी चाहिए।