चार चरणों के पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का मतदान राया और बलदेव ब्लाक में गुरुवार को होने जा रहा है। इसमें 2.96 लाख मतदाता जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत के 1016 उम्मीदवारों का भाग्य तय करेंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली हैं। इनका जायजा खुद चुनाव प्रेक्षक ने लिया।
गुरुवार सुबह सात बजे से ही मतदान शुरू हो जाएगा। इसके लिए इन दोनों ब्लाक में 203 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। इसमें राया ब्लाक में 110 मतदान केंद्र और 238 बूथ बनाए गए हैं, इसमें 56 अति संवेदनशील बूथ हैं जिनमें 30 संवेदनशील हैं। बलदेव ब्लाक में 93 मतदान केंद्र और 208 बूथ बने हैं। इनमें भी 19 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील की प्लस श्रेणी में रखे गए हैं। जहां वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
इस चरण में जिला पंचायत के आठ वार्ड के लिए मतदान हो रहा है, इसमें वार्ड 31 से 38 तक शामिल हैं, जिनके लिए 72 उम्मीदवारों की बीच मुकाबला होना है। इसके अलावा राया क्षेत्र पंचायत में 98 वार्ड हैं, जहां 486 उम्मीदवार हैं। जबकि बलदेव क्षेत्र पंचायत में 93 वार्ड पर 458 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बलदेव ब्लाक को 22 सेक्टर, तीन जोन और एक सुपर जोन में बांटा गया है।