चौमुहां। थाना जैत क्षेत्र के बाटी गांव निवासी एक पीड़िता ने अपने ससुराल वालों के खिलाफ अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने और जान से मारने का प्रयास करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति समेत 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता लक्ष्मी की शादी 15 मई 2025 को हरियाणा के पलवल निवासी आकाश के साथ हुई थी। लक्ष्मी ने बताया कि पिता ने शादी में करीब 80 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि पति आकाश, ससुर, सास सहित परिवार के 9 लोग दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वे 10 लाख रुपये नगद और 10 भैंसों की मांग कर रहे थे।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 6 अप्रैल 2026 की शाम ससुरालियों ने लक्ष्मी को एक कमरे में बंद कर जान से मारने की नीयत से गला दबाया। इसके अगले दिन 7 अप्रैल की दोपहर को आरोपी उसे जबरन एक टैंपो में बिठाकर ले गए और मायके के पास छटीकरा रोड पर चलती गाड़ी से धक्का देकर फेंक दिया। एसएसपी के आदेश पर जैत पुलिस ने पति आकाश, ससुर और सास सहित 9 नामजदों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।