गोवर्धन। गिरिराज पर्वत के धार्मिक प्रतीकों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आने के बाद ब्रजवासियों में आक्रोश है। शनिवार को स्थानीय लोगों ने थाना गोवर्धन पहुंचकर एक इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ तहरीर सौंपी और प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि 22 जनवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर मोहित तिवारी नामक यूजर ने एक रील पोस्ट की है। इसमें द्वापर युग की पवित्र लीलाओं से जुड़े श्री गिरिराज गोवर्धन जी के स्वरूप और सनातन धर्म के पवित्र चिह्न शिला के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए ब्रजवासियों के लिए भी अनर्गल बातें की गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियां सनातन धर्म को मानने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाने वाली हैं। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायत करने वालों में विवेक कौशिक, पवन मुखिया, उदय सिंह, विशाल, कृष्णा, शुभम और दीपक शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।