वृंदावन। पोशाक व्यापारी को जान से मारने की धमकी देते हुए चौथ मांंगने के नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी के दो साथियों की तलाश में जुटी है।
बिहारीपुरा निवासी मुरली मनोहर शर्मा श्रीबांकेबिहारी मंदिर के पास मुख्य बाजार में मुकुट, शृंगार एवं पोशाक का व्यापार करते हैं। उनसे मारपीट कर चौथ वसूली के आरोपी सेवाकुंज निवासी आदित्य द्विवेदी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में व्यापारी ने 19 फरवरी को कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि आदित्य और उसके दो साथी पिछले एक माह से उन्हें और उनके साथियों को फोन कर जान से मारने की धमकी देते हुए चौथ मांग रहे हैं।
आरोपी ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर उनका फोटो लगाकर गालियों के स्टेटस लगाए। 15 फरवरी की दोपहर दो बजे मुख्य बाजार में आरोपी आदित्य उन्हें गाली देते हुए चौथ मांगने लगा। इसके बाद 17 फरवरी को वनखंडी महादेव के समीप चौथ वसूली की मांग कर जान से मारने की धमकी दी। सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।