मथुरा। मगोर्रा के गांव ऊंचा गांव में 13 अक्तूबर को प्रॉपर्टी कारोबारी धर्म सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर गुस्साए लोगों ने शुक्रवार को थाने का घिराव करके हंगामा किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ऊंचागांव, मगोर्रा की रहने वाली मीरा देवी ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उनके पति धर्म सिंह अकबरपुर गांव के एक व्यक्ति के साथ जमीन की खरीद-फरोख्त करते थे। जमीन के सिलसिले में पति ने 70 लाख रुपये पार्टनर को उधार दिए थे। वह कई माह से तगादा कर रहे थे, लेकिन पार्टनर की नीयत बदल गई। वह धमकाने लगा था। इस बाबत पति ने कई बार उन्हें बताया था। 13 अक्तूबर की शाम को पति ने बताया कि पार्टनर ने अकबरपुर में पैसे लेने बुलाया है। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे पति बदहवास हालत में घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पार्टनर ने शराब में जहर दे दिया है। उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी कराया मगर पार्टनर से पूछताछ तक नहीं की। इस मुद्दे पर गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार को पहले एसएसपी श्लोक कुमार से मुलाकात की। इसके बाद थाना मगोर्रा पहुंचकर थाने का घिराव किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पार्टनर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जाए। इस संबंध में सीओ गोवर्धन अनिल कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।