यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह कोहरे में एक ट्रक से मथुरा के कारोबारी की कार टकरा गई। इसके बाद छह अन्य कारें भी एक-दूसरे से भिड़ गईं। हादसे में कारोबारी सहित तीन लोगों की मौत हो गई और उनके तीन परिजन घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचा जेपी कंपनी का सुरक्षाकर्मी दिनेश कुमार निवासी बुलंदशहर भी वाहनों को रोकते समय गंभीर रूप से घायल हो गया। कारोबारी की मौत से उनके घर और परिचितों में कोहराम मचा हुआ है।
मथुरा शहर कोतवाली क्षेत्र की पीरपंच गली निवासी संतोष चतुर्वेदी ‘बब्बू’ (40) अपने मित्र मुकेश गुप्ता, पत्नी रचना चतुर्वेदी, बेटा यश (14) और यशस्वी (15) के साथ कार से पासपोर्ट रिन्यू कराने के लिए गाजियाबाद स्थित ऑफिस जा रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे कोहरे में जेवर इंटरचेंज पर गलत दिशा में मुड़ रहे ट्रक से उनकी कार टकरा गई। पीछे चल रही छह अन्य कारें भी एक-दूसरे से टकरा गईं।
हादसा इतना भयानक था कि पुलिस और जेपी कंपनी के सुरक्षा कर्मियों ने व्यापारी की कार की खिड़की काटकर उसमें सवार लोगों को निकाला। उन्हें कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मथुरा निवासी संतोष, मुकेश और कार चालक इब्राहिम को मृत घोषित कर दिया, जबकि कारोबारी की पत्नी रचना, बेटा यश और बेटी यशस्वी का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार रचना की हालत नाजुक बनी हुई है।
कारोबारी के बेटे ने बताया कि रास्ते में ट्रक के गलत तरीके से मुड़ने की वजह से उनकी गाड़ी टकराई। संतोष गुरुकृपा गेस्ट हाऊस के स्वामी भी थे। मुकेश फूलों की आढ़त चलाते थे। इधर, कोहरे में दृश्यता कम होने की वजह से मथुरा से गाजियाबाद जा रहे रेहान की कार आगे चल रहे ट्रक में जेवर टोल प्लाजा पर टकरा गई, जिससे वह घायल हो गया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया।