मथुरा। कोसीकलां नगरिया में दुर्घटना के बाद सीएचसी पर घायलों के साथ ग्रामीण।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। शेरगढ़ रोड पर मैक्स पिकअप ने दो बाइकों पर सवार चार किशोरों को टक्कर मारकर घायल कर दिया। चालक गाड़ी लेकर भाग गया। राहगीर चारों घायलों को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक न होने से इलाज के लिए वह घंटों तक तड़पते रहे। बाद में अस्पताल पहुंचे परिजन अपने बच्चों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। इसे लेकर हंगामा भी हुआ।
गांव फालैन निवासी अंशुल (15) पुत्र धर्मसिंह, बूचा (12) पुत्र चंदन, सचिन (20) पुत्र मुंशी एवं गुलशन (16) पुत्र फूलसिंह बाइक से शेरगढ़ रोड पर स्वीमिंग पूल में नहाकर लौट रहे थे। जैसे ही वह नगरिया दस विसा के समीप पहंचे, पीछे से आ रही मैक्स पिकअप ने उनकी बाइकों में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से किशोर गाड़ी के नीचे आकर घायल हो गए। चालक गाड़ी लेकर भाग निकला।
राहगीरों की सूचना पर गोपाल बाग चौकी प्रभारी संजीव कुमार वहां पहुंच गए। घायलों को पुलिस राहगीरों की मदद से सीएचसी लेकर पहुंची। जहां चिकित्सक नहीं होने से घायल तड़पते रहे। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों को उपचार दिलाने के प्रयास किए। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। तब कहीं जाकर वे लोग घायलों को उपचार के लिए दूसरे निजी अस्पतालों में लेकर गए। सचिन की हालत गंभीर देखते हुए मथुरा रेफर कर दिया। जबकि अन्य को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सीएचसी में खुली व्यवस्थाओं की पोल
कोसीकलां। सीएचसी की व्यवस्थाओं की रविवार को एस वक्त पोल खुल गई जब दुर्घटना में घायल किशोर उपचार के लिए वहां पहुंचे। कागजों में यहां पांच चिकित्सकों की तैनाती है। यहीं कारण था कि राहगीर घायलों को लेकर सरकारी अस्पताल की ओर दौड़े। लेकिन वहां चिकित्सक और सहयोगी कोई भी नजर नहीं आया। घायल वहां उपचार के लिए पड़े तड़पते रहे। ग्रामीणों में इस बात को लेकर गुस्सा था। गुस्साए ग्रामीणों ने जब सीएमओ के फोन पर शिकायत करने का प्रयास किया तो एडीशनल सीएमओ डा. देवेंद्र अग्रवाल ने चिकित्सकों की तैनाती की बात मानते हुए रविवार होने की मजबूरी बताई। इमरजेंसी चिकित्सा सुविधा के जवाब को टाल गए।
नहीं पहन रखा था हेलमेट
कोसीकलां। दुघर्टना के समय बाइक पर सवार किशोरों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, अगर हेलमेट पहनें हुए होते तो उन्हें चोट कम आती। सचिन की हालत गंभीर देखते हुए मथुरा रेफर कर दिया।