बाजना तिराहे पर रविवार को हादसे ने सभी को दहला दिया। हादसे में सास-बहू ट्रक के पहियों के नीचे आ गईं। उनकी मर्मांतक चीखों से हर कोई दहल गया। आसपास के लोग 20-25 मिनट की जद्दोजहद के बाद उनको निकाल सके। तब तक बहू की मौत हो चुकी थी जबकि सास को गंभीर हालत में हास्पिटल में भर्ती कराया गया है।
घटनाक्रम पूर्वाह्न 11 बजे का है। थाना खैर क्षेत्र के गांव नगरिया जराना निवासी गजेन्द्र बाइक अपनी मां पंचो (48), पत्नी बबीता (25) और बेटे अमन (1) के साथ बाजना तिराहे से गुजर रहा था।
अधिक सवारियां होने से अचानक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। दोनों महिलाएं शेरगढ़ की ओर से आ रहे ट्रक के नीचे आ गईं।
जब तक दोनों को निकाला गया, बबीता की मौके पर ही मौत हो गई। पंचो को गंभीर घायल अवस्था में हास्पिटल भेजा गया, जहां से उनको मथुरा रेफर कर दिया गया।
लोगों ने ट्रक चालक और परिचालक को भी मौके पर ही पकड़ लिया। उनकी जमकर पिटाई लगाई गई, पुलिस ने उनको छुड़ाया। चालक काफी घायल बताया गया है।
--
मां ने बचा ली बेटे की जिंदगी
नौहझील। बबीता की गोद में उनका बेटा अमन भी था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक गिरने पर वह अमन को सीने से लगाए थीं, लेकिन ट्रक आता देख उन्होंने उसे सड़क के किनारे की ओर फेंक दिया। अमन को कुछ चोट तो आईं पर जिंदगी बच गई।