मथुरा में ट्रेन के एसी कोच में सफर करने पर भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। कोच के एसी आए दिन फेल हो रहे हैं। सोमवार रात मथुरा जंक्शन पहुंची चंबल एक्सप्रेस और कर्नाटक एक्सप्रेस में एसी कोच में एसी खराब हो गए। यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से शिकायत की। एक घंटे में कोच का एसी सही हुआ। इस दौरान यात्री बेचैन रहे।
दिल्ली से निकलते ही कर्नाटक एक्सप्रेस (12628) में कोच ए-1 का एसी बंद हो गया। यात्री दिनेश सचदेवा ने शिकायत करते हुए कहा कि रेलवे किराया एसी का ले रहा है, लेकिन कोच में स्थिति स्लीपर से भी बदतर है। ट्रेन मथुरा पहुंची तो रेलवे अधिकारियों ने इंजीनियर बुलाकर एसी सही कराया।