छात्र नेता की पिटाई और पुलिस अधिकारियों की चुप्पी से आक्रोशित साथी छात्रों ने सोमवार को कृष्णा नगर चौकी प्रभारी का पुतला फूंका। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की।
मामला पांच दिन पहले का है। बीएसए कालेज में हुए झगड़े में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश सहमंत्री आकाश चौधरी बीच बचाव करने पहुंचे थे।
बताया गया है कि मामला शांत भी हो गया। इसी बीच कृष्णानगर चौकी इंचार्ज राजकुमार गिरी और सिपाही विजय कुमार कालेज पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने आकाश को गाली दी और भगाने लगे। विरोध करने पर छात्र नेता को जमकर पीटा और चौकी ले आए।
पुलिस ने तीन छात्रों का चालान भी कर दिया। इस बात को लेकर सोमवार को एबीवीपी के बैनर तले छात्रों ने मथुरा आगरा रोड से होली गेट तक कृष्णा नगर चौकी इंचार्ज की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली और पुतला फूंका। छात्र चौकी प्रभारी और सिपाही विजय कुमार की बर्खास्तगी की मांग कर रहे थे।
छात्रों का नेतृत्व कर रहे शैलू चौधरी ने बताया परिषद ने मामले से डीएम और एसएसपी को अवगत करा दिया है। फिर भी कार्रवाई नहीं हो रही। जल्द ही कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। इस अवसर पर योगेंद्र वर्मा, राजीव राठौर, उमेश शर्मा, अभिषेक गौतम, भानुप्रताप आदि छात्र मौजूद थे। इधर मामले मेें खुफिया विभाग भी सतर्क है। छात्रों की गतिविधियों, आंदोलन पर पूरी नजर रखी जा रही है।
‘पुलिस ने छात्र नेता और छात्रों को बेवजह पीटकर चालान करने में जितनी तत्परता दिखाई है उससे पुलिस की मंशा जाहिर हो रही है। पूरे मामले में एसएसपी के निर्णय का इंतजार है। इसके बाद आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।’
राकेश चतुर्वेदी
प्रांत प्रमुख, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद