वृंदावन। इंटरनेट पर एक युवती को ऑनलाइन नौकरी की तलाश करना महंगा पड़ गया। वर्क फ्रॉम होम की नौकरी पाने के लालच में युवती के साथ ठगी का मामला प्रकाश में आया है।
मामला 22 अगस्त का है। पीड़ित युवती इंटरनेट के माध्यम से कई वेबसाइट्स पर नौकरी की तलाश कर रही थी। इस बीच उसके नंबर पर दो अनजान नंबरों से कॉल आई। फोन पर वर्क फ्रॉम होम के आधार पर नौकरी दिलाने की बात हुई। नौकरी दिलाने की बात कर रहे व्यक्ति ने काम का समय पर भुगतान कराने का भी वादा किया। इतना ही नहीं आरोपी व्यक्ति ने युवती को उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक भी भेजी।
इस पर उसने अलग-अलग काम के अनुसार गूगल पे और बारकोड के माध्यम से 15 हजार रुपये का भुगतान किया। उसके बाद आरोपी ने कुछ टास्क खरीदने का झांसा दिया, जिसमें कार्य पूरा होने पर जमा राशि को दोगुना करने का भी वादा किया। इस प्रकार युवती से समय-समय पर कुल दो लाख रुपये की राशि ले ली गई। लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद उसकी रकम की वापसी नहीं हुई। पीड़ित युवती ने थाना कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस अधिकारी को साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। संवाद