मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र में शनिवार की रात को बस की टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर मंडी समिति स्थित एक हॉस्पिटल पहुंची और परिजन को सूचना दी। यहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। परिजन ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया तो हॉस्पिटल पर मौजूद बाउंसरों ने परिजनों से अभद्रता की।
गोवर्धन थाना क्षेत्र के राधाकुंड निवासी गौरे गोपाल दास ने बताया कि वह और सुधीर (30) बाइक से मथुरा जा रहे थे। केएम बिल्डिंग के पास पहुंचे थे कि बस ने उन्हें टक्कर मार दी। बस की टक्कर से दोनों बाइक से नीचे गिरे और घायल हो गए। थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों घायलों को मंडी समिति स्थित हॉस्पिटल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान सुधीर की मौत हो गई।
गौरे गोपाल दास ने सूचना परिजन को दी तो वह भी हॉस्पिटल पहुंच गए। सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि घायल की तहरीर पर बस के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।