वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में भीड़ के दौरान महिलाओं को पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा छूने के आरोप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला ने मंदिर प्रशासन से मांग की है कि महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए।
महिला का कहना है कि मंदिर में दर्शन के दौरान काफी भीड़ रहती है, ऐसे में पुरुष पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करते समय महिलाओं को हाथ लगाते हैं, जिससे कई महिलाओं को असहजता और परेशानी होती है। महिला ने कहा कि अगर महिलाओं के लिए महिला पुलिसकर्मी तैनात की जाएं तो यह ज्यादा बेहतर और सुरक्षित व्यवस्था होगी।
वायरल वीडियो में महिला ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि मंदिर में आने वाली महिलाओं की भावनाओं और सुविधा का ध्यान रखा जाना चाहिए। उनका कहना है कि महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से भीड़ नियंत्रण भी बेहतर तरीके से हो सकेगा और महिलाओं को भी किसी तरह की असहजता नहीं होगी। सेवायत सदस्य दिनेश गोस्वामी का कहना है कि इस मामले को हाईपावर्ड कमेटी के समक्ष रखेंगे।