वृंदावन। श्री बांकेबिहारी मंदिर की हाई पॉवर्ड कमेटी के सदस्य एवं सेवायत दिनेश गोस्वामी ने मंदिर सुधार के लिए कमेटी अध्यक्ष के सामने लिखित मांगों को रखा। सेवायत ने अध्यक्ष को पत्र सौंपा। इसमें कहा कि मंदिर में वर्षों से चली आ रही अव्यवस्थाओं को दूर कर भक्तों, सेवायतों और प्रबंधन सभी के हितों को ध्यान में रखते हुए एक सुगठित और पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करना उनका संकल्प है। हाईपावर्ड कमेटी से अब इन समस्याओं को जड़ से समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की मांग करते हैं।
उन्होंने मांग की है कि भक्तों के लिए सुगम दर्शन की व्यवस्था की जाए, बिहारी जी की मान-मर्यादा की रक्षा, जगमोहन में बैठाने की परंपरा का पालन, भेंट चोरी पर रोक, भेंट न्योछावर का वर्गीकरण, पारदर्शी और सुप्रबंधित निर्णय प्रणाली, सेवायतों को उचित सम्मान और सुविधा, पुरानी मर्यादा और परंपराओं का संरक्षण, मंदिर परिसर के प्रथम तल पर स्थित दो बंद कमरों को खुलवाना, स्टेट बैंक मथुरा शाखा में 1963 से बंद पड़े बक्से को खुलवाना तथा बैंकों के लॉकरों की लीगल वैल्यूअर से जांच कराना, किशोरपुरा स्थित मंदिर भूमि पर दर्शनार्थियों के लिए सुविधा प्रकल्प स्थापित करना, कोटा स्थित मंदिर की कृषि भूमि को मंदिर से सीधे जोड़ना, परिक्रमा मार्ग स्थित कच्ची रसोई भवन का जीर्णोद्धार एवं संरक्षण, स्नेह बिहारी के सामने स्थित शिवालय, बावन पुरी हनुमान मंदिर, मोहन बाग, सती माता समाधि स्थल और राधाकुण्ड स्थित कुंज बिहारी मंदिर जैसी संपत्तियों का जीर्णोद्धार, मंदिर चबूतरे पर स्थित रैन बसेरा को खाली कराना और पोस्ट ऑफिस को दर्शनार्थियों की सुविधा हेतु अन्यत्र स्थानांतरित कराना, मंदिर आरओ हेतु नगर निगम से 2 इंच पाइप के माध्यम से शुद्ध पेयजल आपूर्ति, मंदिर के आस-पास की गलियों में दर्शनार्थियों के लिए शौचालय और पेयजल की व्यवस्था की मांग की है। साथ ही मंदिर क्षेत्र में बिकने वाले भोग-प्रसाद, पेड़ा और अन्य खाद्य सामग्री की शुद्धता के लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाएगा। संवाद