मथुरा। रेलवे जंक्शन के मालगोदाम रोड स्थित रेलवे की चहारदीवारी को तोड़कर होटल ढाबा संचालकों ने अवैध रूप से रास्ता बना लिया है। स्टेशन निदेशक ने कार्रवाई के लिए रेलवे इंजीनियरिंग विभाग को पत्र लिखा है।
जंक्शन के द्वितीय प्रवेश की ओर जाने वाले मालगोदाम रोड पर रेलवे ने अपनी जमीन पर चहारदीवारी की हुई है। इसके बराबर गली है, जिसमें कई होटल और ढाबे संचालित होते हैं। इन्ही होटल ढाबा संचालकों ने रेलवे की चहारदीवारी को तोड़कर अवैध तरीके से रास्ता बना लिया है। दीवार तोड़कर रास्ता बनाने पर स्टेशन निदेशक ने सख्त रुख अपनाते हुए रेलवे इंजीनियरिंग विभाग को पत्र लिखा है।
उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घटना का संज्ञान लेकर टूटी दीवार की मरम्मत कराई जाए। साथ ही दीवार तोड़ने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
स्टेशन निदेशक एनपी सिंह ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई के लिए इंजीनियरिंग विभाग को पत्र लिखा है।