नौहझील। थाना क्षेत्र के पिथौरा अड्डे के पास सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के गांव पालखेड़ा निवासी बहादुर सिंह के पुत्र सोनवीर के रूप में हुई है। वह एक ट्रेवलर गाड़ी पर क्लीनर/कंडक्टर का काम करता था।
सोनवीर के भाई गजेंद्र ने बताया कि घटना 19 जनवरी की शाम की है। सोनवीर अपने मालिक के कहने पर सवारियों को नौहझील छोड़कर वापस आ रहा था। तभी पिथौरा अड्डे के पास ड्राइवर साइड के पहिए से कुछ आवाज सुनाई दी। ड्राइवर और मालिक के कहने पर सोनवीर जैसे ही नीचे उतरकर टायर चेक करने लगे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद डाला। हादसे में सोनवीर के सिर में गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।