छाता। कस्बे के बरसाना रोड स्थित रेलवे फ्लाइ ओवर के नीचे किराने की एक दुकान में शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि आग लग गई। इसमें करीब दस लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की घटना का पता सुबह तब चला, जब लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा। आग लगने के कारणों का पता अभी नहीं चल सका है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
सुबह दुकान से धुंआ उठाता देख लोगों ने दुकान मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मालिक ने दुकान की शटर खोली तो उस समय भी दुकान में आग की लपटें उठ रही थीं। सूचना पर पुलिस व फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। दुकान मालिक कस्बा छाता निवासी भगत सिंह यदुवंशी ने पुलिस को बताया कि वे दुकान में किराने का सामान रखते थे। साथ ही कोल्डड्रिंक का थोक का काम भी है। रात्रि में जब दुकान बंद की तो दुकान में बिजली की सप्लाई के लिए लगी एमसीबी बंद कर दी थी, लेकिन सुबह दुकान से धुआं निकलने की सूचना मिली।
पीड़ित ने बताया कि दुकान में रखा किराने का सामान, तीन फ्रिज, फर्नीचर, दो साइकिल और गल्ले में रखे चालीस हजार रुपये जलकर राख हो गए। दुकान की छत में लगी पटिया भी चटक गई। पीड़ित के अनुसार इस घटना में लगभग दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान मालिक ने कोतवाली छाता में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पहले भी किसी ने उनकी दुकान में आग लगाने की कोशिश की थी। पुलिस के अनुसार मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।