मथुरा। राजीव भवन में महिला सशक्तिकरण की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। यहां लगाई जा रहीं तस्वीरों में देश की सशक्त महिलाओं की प्रेरणादायक गाथाएं उकेरी गई हैं। इन तस्वीरों के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
बीते दिनों मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने इस संबंध में निर्देश जारी किए थे। सीडीओ बालिकाओं व महिलाओं के मुद्दे को लेकर संवेदनशील हैं और उनके उत्थान के लिए प्रयासरत हैं। राजीव भवन की दीवारों पर सजाई गईं यह तस्वीरें समाज को सकारात्मक संदेश दे रही हैं कि बेटियों को सशक्त बनाना ही देश के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। इन तस्वीरों में साक्षी मलिक, साइना नेहवाल, टेसी थॉमस, मेरी कॉम, अवनि लेखरा, किरण मजूमदार और कोनेरू हंपी सहित कुल 20 महिलाओं की लगाई जा रहीं हैं। इनमें एलईडी लाइट लगने से यह अपनी चमक और बिखरेंगी।