चौमुहां। थाना जैंत पुलिस को साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फर्जी एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर लोगों को चूना लगाने वाले गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से 8 एटीएम कार्ड, 6 फर्जी आधारकार्ड, 3 मोबाइल फोन व साढ़े ग्यारह हजार रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस ने राजस्थान के धौलपुर निवासी गोरेलाल और रामकुमार उर्फ पटवारी को छटीकरा क्षेत्र स्थित वैष्णो देवी मंदिर के पास से गिरफ्तार किया है। सीओ सदर संदीप कुमार ने बताया कि थाना प्रभारी जैंत उमेश चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी आगरा निवासी मुकेश सोनी, धर्मवीर सोनी पारस और दीपक के साथ मिलकर लोगों से साइबर फ्रॉड करते थे। ठगी गई रकम को इन एटीएम कार्डों से जुड़े खातों में ट्रांसफर किया जाता था।
आरोपी मथुरा-वृंदावन और आसपास के क्षेत्रों के एटीएम से पैसा निकालकर तुरंत उसे कैनरा बैंक और एक्सिस बैंक के खातों में नकद जमा कर देते थे। यह तरीका इसलिए अपनाया जाता था, ताकि यह रिकॉर्ड न रहे कि अंत में रुपया किस खाते में जमा हुआ है। जिससे पुलिस को ट्रैक करने में मुश्किल हो।
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि पकड़े जाने से बचने के लिए उन्होंने फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।