मथुरा। भूतेश्वर चौराहे पर बुधवार रात को मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति की बरात में नाचने को लेकर युवक आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर ही लात-घूंसे चलने लगे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि बरातियों ने ही समझौता करा दिया, इसलिए पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
कोतवाली क्षेत्र के भूतेश्वर चौराहे के समीप दो दिन पहले शाम को मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति की बरात जा रही थी। गाजे बाजे की धुन पर बराती नाच रहे थे। इसी दौरान नाचने को लेकर किसी बात पर विवाद हो गया। हालांकि बरात के ही कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। बृहस्पतिवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित हो गया। वीडियो में कुछ लोग एक युवक को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिर विवाद दो पक्षों में बदल गया और जमकर लात-घूंसे चलने लगे। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि घटना दो से तीन दिन पुरानी है। विवाद के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। अगर कोई प्रार्थना पत्र मिलेगा तो कार्रवाई की जाएगी।