वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए जा रही एक महिला श्रद्धालु की रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह गश खाकर गिर गईं। यह देखकर परिजनों के हाथ पांव फूल गए। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नागपुर (महाराष्ट्र) के थाना बड़ी के रामदासपेठ प्लाॅट नंबर 82 निवासी प्रेमा देवी पत्नी राजेश कुमार अग्रवाल 13 अगस्त को परिवार सहित वृंदावन आईं थीं। वह हित आश्रम में ठहरी थीं और वृंदावन में चल रही भागवत कथा में शामिल हो रही थीं। 19 अगस्त को कथा का समापन हो गया।
बताते हैं कि बुधवार की सुबह लगभग 7:30 बजे वह अपने पुत्र विशाल अग्रवाल, पुत्रवधू स्वाति, बेटी लक्ष्मी और पोती सौम्या के साथ श्रीबांकेबिहारी मंदिर के दर्शन के लिए जा रही थीं। जैसे ही वे कन्हाई चित्रकार वाली गली के पास पहुंचीं, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सौ शैया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने हार्ट अटैक आना बताया। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंदिर प्रशासन बार-बार करता है अपील
मंदिर प्रशासन खुद बार-बार अपील करता है कि मंदिर में बच्चों, बुजुर्ग, बीमार व्यक्ति और गर्भवती महिला को न लाएं, लेकिन लोग हर तरह की बातों को नजरंदाज कर देते हैं।