डीएम के नाम पर साइबर ठग द्वारा की गई बातचीत का स्क्रीन शॉट।
मथुरा। जिले के डीएम सीपी सिंह लगातार साइबर ठगों के निशाने पर हैं। शातिर कभी व्हाट्सएप तो कभी फेसबुक पर उनका फोटो व नाम प्रयोग कर फर्जी अकाउंट बना रहे हैं। रविवार को भी किसी ने डीएम का फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बना लिया और उनके परिचितों को संदेश भेज पैसों की मांग की। हालांकि परिचितों ने ठगों की पोल खोल दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पं. संजय हरियाणा ने बताया कि शनिवार रात उनके पास डीएम चंद्र प्रकाश सिंह के नाम और फोटो वाली फेसबुक प्रोफाइल से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। उन्होंने रविवार को इस रिक्वेस्ट को स्वीकार कर लिया। इसके बाद रविवार शाम को मैसेंजर पर बातचीत शुरू हो गई। इसके बाद संदेशकर्ता ने उनका मोबाइल नंबर मांगा। नंबर मिलने के बाद संदेशकर्ता ने दावा किया कि उसका सीआरपीएफ अधिकारी दोस्त संतोष कुमार का तबादला हो गया है। ऐसे में वह अपने घर का फर्नीचर व बिजली का सामान सस्ते दामों पर बेचना चाहता है। संदेह होने पर उन्होंने डीएम को अवगत कराया तो ठगों की पोल खुल गई। डीएम ने जनपद वासियों और अधिकारियों को सावधान किया और सतर्क रहने की अपील की है। उनके निर्देश पर फिलहाल मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
डीएम के नाम पर डीएचओ से मांगे थे 50 हजार
इससे पहले जून 2025 में डीएम के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर साइबर ठगों ने जिला उद्यान अधिकारी (डीएचओ) से 50 हजार रुपये की मांग की थी। सितंबर 2025 में भी ठगों ने वियतनाम के एक नंबर से व्हाट्सएप पर उनका फर्जी अकाउंट बनाकर परिचितों से पैसे मांगे थे। इससे पहले भी लाओस के नंबर से ऐसा ही प्रयास किया गया था और फेसबुक पर भी फर्जी आईडी बनाई गई थी।