निमंत्रण पत्र का विमोचन करते श्री गिर्राज जी सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारी।
मथुरा। श्रीगिर्राजजी सेवा ट्रस्ट के चरण सेवकों की बैठक सोमवार को स्टेट बैंक चौराहा स्थित होटल में हुई। इसमें श्रीगिर्राज महाराज के 40वें छप्पन भोग महोत्सव को यादगार बनाने के लिए तैयारियों पर मंथन किया गया। बैठक में महोत्सव के निमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया।
चरण सेवकों ने संकल्प लिया कि शरद पूर्णिमा की धवल चांदनी में गिरिराज तलहटी को इस तरह सजाया जाएगा कि श्रद्धालुओं को अलौकिक दर्शन के साथ महारास का अनुभव हो। दीनदयाल अग्रवाल चौपइया वालों ने बताया कि 3 अक्तूबर को रात आठ बजे अग्रवाटिका में भजन संध्या होगी। 23 अक्तूबर की शाम दुग्धधारा के साथ गिरिराज परिक्रमा कर महोत्सव का शुभारंभ होगा। 24 को सुबह 11 बजे गिरिराजजी का अभिषेक और रात आठ बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 25 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे साधु सेवा एवं प्रसाद वितरण होगा। दोपहर दो बजे से गिरवर निकुंज, आन्यौर परिक्रमा मार्ग स्थित तलहटी में श्री गिर्राज महाराज के दिव्य छप्पन भोग के दर्शन होंगे। शाम सात बजे भजन संध्या होगी। बैठक में जयंती प्रसाद अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, राजेश बजाज, महेश बंसल, मुकेश अग्रवाल डब्बू, प्रदीप अग्रवाल आरके, उमेश गुड़ेरा, संजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संवाद