मथुरा। थाना राया क्षेत्र के गांव कुंडा में रविवार को एक बीएसएफ जवान की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक कुमार (38) के रूप में हुई है, जो सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ की 91वीं बटालियन में बंगाल में तैनात थे। दिवाली मनाने के लिए वह दो दिन पहले ही छुट्टी पर मथुरा में अपने घर आए थे।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह अशोक कुमार अपने घर की छत की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान पानी डालते समय 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। परिवार के सदस्यों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई ने बताया कि कॉलोनी के पास से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन को लेकर उन्होंने कई बार विद्युत निगम में शिकायत की थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। उनका आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।
सूचना मिलने पर थाना राया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जवान की मौत से परिवार में मातम छा गया है। उनकी पत्नी और तीन छोटे बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है। संवाद