फरह (मथुरा)। होली के त्योहार पर दो घरों के चिराग बुझ गए। बुधवार को हाईवे पर तीन दोस्तों की बाइक असंतुलित होकर ईंटों के ढेर में जा टकराई। हादसे में दो दोस्तों की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना जमुनापार के गांव लोहवन निवासी तीन दोस्त गोविंद, शैंकी और अनिकेत अपनी बाइक से मथुरा से आगरा की ओर जा रहे थे। फरह में महुअन टोल के पास शेरे पंजाब होटल के सामने उनकी बाइक असंतुलित होकर ईंटों के ढेर में जा घुसी। आसपास के लोगों ने किसी तरह से तीनों युवकों को बाहर निकाला। गोविंद और शैंकी की गंभीर हालत देखते हुए आगरा के एसएन मेडिकल कालेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घायल अनिकेत का इलाज चल रहा है। सीओ रिफाइनरी अनिल कपरवान ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार में बाइक के बेकाबू होने से हुआ।