मथुरा। आगरा से महिला और उसके तीन बच्चों को लेकर भागा शेरगढ़ का युवक रविवार को पुलिस ने लखनऊ में पकड़ लिया। महिला और उसके तीन बच्चों को भी बरामद कर लिया। युवक को पकड़ने के लिए मथुरा पुलिस की पांच टीमें लगी थीं। 35 वर्षीय महिला का मायका युवक के गांव शेरगढ़ में है। आगरा के थाना न्यू आगरा थाना क्षेत्र में उसकी ससुराल है।
शेरगढ़ के युवक के खिलाफ महिला को बहला फुसलाकर और नशीला पदार्थ खिलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट 27 अगस्त को थाना न्यू आगरा में दर्ज कराई गई थी। इस मामले में शेरगढ़ में एक सप्ताह से तनाव की स्थिति थी, इसके चलते वहां पुलिस और पीएसी तैनात थी। भाजपा ने इसे लव जेहाद का मामला बताते हुए आंदोलन शुरू कर दिया था। पूरे कस्बा में पंचायतों की आशंका पर धारा 144 लागू की गई। पुलिस टीमों ने लखनऊ से युवक को दबोच लिया और महिला, उसके तीन बच्चों को बरामद कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार टीमें सभी पांच लोगों को लेकर मथुरा आ रही हैं।
न्यू आगरा पुलिस को सौंपा जाएगा युवक
मथुरा। मथुरा पुलिस पकड़े गए युवक को आगरा पुलिस के हवाले करेगी, क्योंकि महिला के भाई ने इस मामले में आगरा के थाना न्यू आगरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मथुरा पुलिस उससे पूछताछ कर सकती है।
शेरगढ़ पुलिस को राहत
मथुरा। शेरगढ़ के युवक के पकड़े जाने और उसके कब्जे से महिला और तीन बच्चों के मिल जाने के बाद से शेरगढ़ पुलिस ने राहत की सांस ली है। हालांकि शेरगढ़ मेें रविवार रात को पुलिस और पीएसी तैनात रही।